उत्तराखंड

महंगाई के दबाव में इंदिरा अम्मा कैंटीन, थाली के दाम बढ़ाने की कवायद शुरू

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखंड में गरीब और जरूरतमंद लोगों को सस्ता भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई इंदिरा अम्मा भोजनालय योजना के तहत मिलने वाली थाली जल्द महंगी हो सकती है। विकास भवन कार्यालय की ओर से भोजनालय की थाली का मूल्य बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव के अनुसार वर्तमान में 30 रुपये कीमत वाली थाली का दाम बढ़ाकर 50 रुपये करने की मांग की गई है। हालांकि सरकार सब्सिडी बढ़ाकर आम लोगों को राहत देने के विकल्प पर भी विचार कर सकती है।

 

बढ़ती महंगाई बनी वजह

 

इंदिरा अम्मा कैंटीन योजना वर्ष 2015 में शुरू की गई थी। योजना का उद्देश्य गरीबों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना था। वर्तमान में कैंटीन में थाली की कीमत 30 रुपये है, जिसमें सरकार 10 रुपये की सब्सिडी देती है और लाभार्थियों को यह थाली 20 रुपये में उपलब्ध कराई जाती है।

 

लेकिन खाद्यान्न, सब्जियों और ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण कैंटीन संचालकों के लिए कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल होता जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों ने संचालन लागत बढ़ने का हवाला देते हुए थाली के दाम बढ़ाने की मांग की थी, जिसके बाद यह प्रस्ताव तैयार किया गया।

 

42 में से 19 भोजनालय बंद

 

प्रदेश में योजना के तहत 100 इंदिरा अम्मा भोजनालय खोलने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब तक केवल 42 भोजनालय ही स्थापित हो पाए। इनमें से भी 19 भोजनालय विभिन्न कारणों से बंद हो चुके हैं। देहरादून में संचालित 10 भोजनालयों में से पांच बंद पड़े हैं, जिससे योजना का लाभ लेने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

जिलों में अलग-अलग हैं थाली के दाम

 

हालांकि योजना के तहत थाली की कीमत 20 रुपये निर्धारित की गई थी, लेकिन कई जिलों में अलग-अलग दरों पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

रुद्रपुर में थाली 80 रुपये में मिल रही है।

 

पौड़ी मुख्यालय में थाली का मूल्य 50 रुपये है।

 

हरिद्वार में एक संचालित भोजनालय में अभी भी 20 रुपये में थाली उपलब्ध है।

 

अल्मोड़ा, चम्पावत, पिथौरागढ़ और नैनीताल में कई भोजनालय बंद हो चुके हैं।

 

 

शासन के फैसले का इंतजार

 

भोजनालय संचालकों का कहना है कि बढ़ती लागत के बीच पुराने रेट पर संचालन करना मुश्किल हो गया है। अब प्रस्ताव शासन के पास विचाराधीन है और अंतिम फैसला आने के बाद ही नई दरें लागू की जाएंगी। यदि प्रस्ताव मंजूर होता है तो इंदिरा अम्मा भोजनालय की थाली की कीमत में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!