
देहरादून
दून अस्पताल के TB एवं चेस्ट वार्ड में भीषण गर्मी, पंखों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर प्रकाशित खबर का त्वरित असर देखने को मिला। खबर सामने आने के बाद दून अस्पताल के एमएस डॉ. आर.एस. बिष्ट ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निर्देशों के बाद अस्पताल प्रशासन ने बिना देरी किए TB एवं चेस्ट वार्ड में मरीजों की सुविधा के लिए पंखे लगवाए, जिससे भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को बड़ी राहत मिली। लंबे समय से गर्मी और उमस से जूझ रहे मरीजों ने इस पहल का स्वागत करते हुए अस्पताल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि खबर में वार्ड में भर्ती मरीजों को गर्मी से हो रही परेशानी और तीमारदारों की नाराजगी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। खबर के प्रकाशित होते ही अस्पताल प्रशासन सक्रिय हुआ और मरीजों की परेशानी दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाए।
दून अस्पताल के एमएस डॉ. आर.एस. बिष्ट की त्वरित कार्रवाई यह दर्शाती है कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर समय रहते निर्णय लेने से मरीजों को तत्काल राहत मिल सकती है।
यह घटनाक्रम एक बार फिर साबित करता है कि जिम्मेदार पत्रकारिता और प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली मिलकर आम जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान कर सकती है।



