देहरादून में पत्नी की हत्या कर पति फरार, गर्दन और पीठ पर किए धारदार हथियार से कई वार

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी तहसील क्षेत्र के ग्राम कचटा में गृह क्लेश के दौरान एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 22 वर्षीय नीलम के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी पति मनोज मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची राजस्व पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया पाठल बरामद कर लिया है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल के अनुसार, मनोज मजदूरी करता है। घटना के दिन वह भोजन करने के लिए घर आया था। वह मकान की निचली मंजिल के एक कमरे में अपनी पत्नी नीलम के साथ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के बाद नीलम चिल्लाते हुए कमरे से बाहर निकली।
उसकी आवाज सुनकर आरोपी की बहन और परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए। इसी दौरान मनोज भी नीलम के पीछे बरामदे में पहुंचा। आरोप है कि उसने वहां रखे धारदार पाठल से नीलम पर हमला कर दिया। उसने गर्दन, पीठ और बगल में कई वार किए। गंभीर चोटें लगने के कारण नीलम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय आरोपी की मां घर के पास खेत में काम कर रही थी। शोर सुनकर वह भी मौके पर पहुंची और अपने छोटे बेटे संजय को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार होने में कामयाब रहा।
बताया गया है कि मृतका नीलम लखवाड़ क्षेत्र के धींगा गांव की रहने वाली थीं। उनका विवाह करीब दो वर्ष पहले मनोज से हुआ था। दंपती की कोई संतान नहीं थी।
नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल के अनुसार, आरोपी के भाई संजय की शिकायत पर हत्या समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में घटना की वजह गृह क्लेश मानी जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।



