उत्तराखंड

Instagram Reel ने खोला लाखों की ज्वेलरी चोरी का राज, देहरादून में घरेलू सहायिका गिरफ्तार

Listen to this article

देहरादून: सोशल मीडिया पर बनाई गई एक इंस्टाग्राम रील ने करीब एक साल पुरानी लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी का खुलासा कर दिया। देहरादून के राजपुर थाना पुलिस ने एक घरेलू सहायिका को हीरे और सोने के आभूषण चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला चोरी किए गए हीरे का हार पहनकर इंस्टाग्राम पर रील बना रही थी, जिसे देखकर पीड़िता के परिचितों ने आभूषण पहचान लिए और पुलिस तक मामला पहुंच गया।

रील देखकर हुआ चोरी का खुलासा

राजपुर थाना क्षेत्र के आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स ने 1 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती आभूषण गायब हो गए थे। उन्हें लगा था कि शायद उन्होंने गहने कहीं रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दे दिए हैं, इसलिए चोरी का शक नहीं हुआ।

कुछ दिन पहले एक परिचित ने उन्हें बताया कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका ने इंस्टाग्राम पर हीरे का हार पहनकर फोटो और रील साझा की है। फोटो देखने पर नितिशा ने हार को अपना पहचान लिया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

घरेलू सहायिका निकली चोर

मामले की जांच के बाद राजपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी महिला को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह नितिशा वत्स के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी और घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषणों पर उसकी नजर थी। मौका मिलते ही उसने करीब एक साल पहले हीरे और सोने के गहने चुरा लिए।

10 लाख रुपये के आभूषण बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां और एक सोने का पेंडल बरामद किया। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

बेच नहीं पाई चोरी के गहने

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी किए गए महंगे आभूषणों को बेचने की कोशिश कर रही थी, लेकिन खरीदार नहीं मिलने के कारण गहने उसके पास ही रहे। इसी बीच इंस्टाग्राम पर बनाई गई रील उसके लिए मुसीबत बन गई और आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी महिला के कब्जे से चोरी के हीरे और सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!