कांग्रेस का आरोप- SIR में उत्तराखंड के 13.85 लाख वोट काटे गए, निर्वाचन आयोग और भाजपा की सांठगांठ

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी की एसआईआर (Special Intensive Revision) कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मनोज रावत ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 13.85 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। रावत ने कहा कि छोटे राज्य में इतनी बड़ी संख्या में वोट काटना गंभीर मामला है और निर्वाचन आयोग प्री-एसआईआर तथा एसआईआर के दौरान हुई मतदाता कटौती के वास्तविक आंकड़े सार्वजनिक नहीं कर रहा है।
कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में मनोज रावत ने आरोप लगाया कि फॉर्म-7 को ऑटो जनरेट किया जाना, भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायतों को आधार बनाकर मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया और कथित फर्जी शिकायतकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं किया जाना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पात्र मतदाताओं के नाम काटने में निर्वाचन आयोग और भाजपा के बीच सांठगांठ रही है।
रावत ने कहा कि उत्तराखंड में करीब 14 प्रतिशत मतदाताओं के नाम काटे जाना वोट चोरी की बड़ी वारदात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के बूथ लेवल एजेंटों (BLO) की सजगता के कारण निर्वाचन आयोग के कथित मंसूबे पूरी तरह सफल नहीं हो सके और प्रदेश के अधिकांश पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हो पाए।
पूर्व विधायक ने आने वाले समय में फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे असंगत बताते हुए कहा कि मतदाता सूची से जुड़े पूरे मामले में पारदर्शिता जरूरी है।



