बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण: कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

पौड़ी: बदरीनाथ धाम और अयोध्या राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीर्तिनगर में विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया और धार्मिक संस्थानों से जुड़े वित्तीय मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
कार्यक्रम से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीर्तिनगर के नए पुल से पुराने पुल तक पैदल मार्च निकाला और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर देश में सत्य, न्याय और पारदर्शिता की स्थापना की प्रार्थना की।
जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम मंदिर, केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। ऐसे में यदि चढ़ावे या दान की राशि के प्रबंधन को लेकर किसी प्रकार के आरोप सामने आते हैं, तो उनकी निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर जनता के विश्वास के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि धार्मिक संस्थानों से जुड़े वित्तीय मामलों में गंभीर सवाल उठ रहे हैं और इनकी स्वतंत्र जांच से ही सच्चाई सामने आ सकेगी। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और चढ़ावे के उपयोग का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक करने की भी मांग की। उनका कहना था कि इससे धार्मिक संस्थानों के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के मामले की जांच जारी है। शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय जांच समिति के अध्यक्ष आनंद स्वरूप हाल ही में बदरीनाथ धाम पहुंचकर दान प्रबंधन व्यवस्था का निरीक्षण कर चुके हैं। वहीं, इस मामले में बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की जांच जारी है।



