उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सुरंग के भीतर हादसा, एनएचआईडीसीएल जांच में जुटा; मजदूर की हुई मौत

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में बुधवार-गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। सुरंग के भीतर कंक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिरने से उसकी चपेट में आए एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के प्रभारी शार्दूल गुसांई के अनुसार, घटना रात करीब दो बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर सुरंग की कंक्रीट लाइनिंग का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) घटना की विस्तृत जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।
गौरतलब है कि इसी सिल्क्यारा-बड़कोट टनल में 12 नवंबर 2023 को बड़ा हादसा हुआ था, जब सुरंग का एक हिस्सा ढहने से 41 मजदूर भीतर फंस गए थे। करीब 17 दिनों तक चले देश के सबसे चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियानों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, बीआरओ और एनएचआईडीसीएल समेत कई एजेंसियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया था। अमेरिकी ऑगर मशीन के विफल होने के बाद ‘रैट-होल माइनर्स’ की मदद से हाथों से खुदाई कर सभी 41 मजदूरों को 28 नवंबर 2023 को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
ताजा हादसे के बाद एक बार फिर निर्माणाधीन सुरंगों में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। फिलहाल संबंधित एजेंसियां घटना की जांच में जुटी हैं।



