उत्तराखंड

पिथौरागढ़ के वाहन स्वामियों की बढ़ी मुश्किलें, फिटनेस के लिए 200 किमी का सफर

Listen to this article

पिथौरागढ़: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में कॉमर्शियल वाहनों की फिटनेस जांच की स्थानीय सुविधा बंद होने से वाहन स्वामियों और टैक्सी चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब जिले के व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच के लिए करीब 150 किलोमीटर दूर टनकपुर या लगभग 200 किलोमीटर दूर हल्द्वानी स्थित ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन जाना अनिवार्य होगा।

 

दरअसल, कॉमर्शियल वाहनों की फिटनेस केवल ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) में कराने की व्यवस्था पहले ही लागू की जा चुकी है। पिथौरागढ़ में टेस्टिंग स्टेशन नहीं होने के कारण अब तक एआरटीओ कार्यालय में फिटनेस जांच की सुविधा दी जा रही थी, जिससे वाहन स्वामियों को राहत मिल रही थी। लेकिन अब शासन स्तर से यह व्यवस्था बंद कर दी गई है।

 

गौरतलब है कि चंडाक में करीब 10.11 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का निर्माण दो वर्ष पहले शुरू हुआ था, लेकिन अब तक यह पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया है। ऐसे में जिले के लगभग पांच हजार पंजीकृत कॉमर्शियल वाहनों के लिए फिटनेस जांच बड़ी चुनौती बन गई है।

 

टैक्सी यूनियन के जिलाध्यक्ष नवल किशोर ने कहा कि स्थानीय स्तर पर फिटनेस सुविधा बंद करना गलत निर्णय है। उनका कहना है कि पहले ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन को शुरू किया जाना चाहिए था, उसके बाद ही पुरानी व्यवस्था समाप्त की जानी चाहिए थी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एआरटीओ कार्यालय में पहले की तरह फिटनेस जांच दोबारा शुरू नहीं की गई तो टैक्सी यूनियन आंदोलन करेगी।

 

एआरटीओ अभिनव गहतोड़ी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार एआरटीओ कार्यालय में कॉमर्शियल वाहनों की फिटनेस जांच बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पिथौरागढ़ के नजदीकी ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन टनकपुर और हल्द्वानी में संचालित हैं। जिले में बन रहा टेस्टिंग स्टेशन अंतिम चरण में है और इसके शुरू होने के बाद यह समस्या समाप्त हो जाएगी।

 

वहीं, मुनस्यारी, धारचूला, बेरीनाग और डीडीहाट जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के टैक्सी चालकों का कहना है कि फिटनेस जांच के लिए लंबी दूरी तय करने से समय और ईंधन दोनों का अतिरिक्त खर्च बढ़ेगा। पूर्व दर्जा मंत्री एवं कांग्रेस नेता खजान गुड्डू ने भी स्थानीय स्तर पर फिटनेस सुविधा बंद किए जाने को सीमांत जिले की उपेक्षा बताते हुए जल्द व्यवस्था बहाल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!