उत्तराखंड

राहुल गांधी का देहरादून दौरा कल, छात्रों के सवालों का देंगे जवाब

Listen to this article

देहरादून: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार, 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र, युवा और अभिभावक इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देहरादून पहुंच रहे हैं।

 

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को अपनी बात खुलकर रखने का मंच उपलब्ध कराना है। इस दौरान राहुल गांधी शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार, युवाओं के पलायन और करियर से जुड़े मुद्दों पर छात्रों के विचार सुनेंगे और उनसे सीधे संवाद करेंगे।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेशभर से छात्रों के आने की सूचना लगातार मिल रही है। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने की अपील की। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

 

उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं की वास्तविक समस्याओं और सुझावों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास है। वर्तमान समय में शिक्षा और रोजगार युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां हैं और इस संवाद के माध्यम से उनकी आवाज को मंच मिलेगा।

 

वहीं, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि प्रदेशभर के छात्र इस कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उनके अनुसार, कार्यक्रम में छात्र शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और अन्य समसामयिक मुद्दों पर सीधे राहुल गांधी से सवाल पूछ सकेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं और राजनीतिक नेतृत्व के बीच संवाद लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से विभिन्न शिक्षण संस्थानों और जिलों में संपर्क अभियान चलाया गया है। पार्टी को उम्मीद है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम उत्तराखंड के युवाओं के लिए अपनी बात रखने का एक प्रभावी मंच साबित होगा।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!