रुद्रप्रयाग में बारिश का कहर,अलकनंदा और मंदाकिनी उफान पर, प्रशासन अलर्ट; यात्रियों से अनावश्यक यात्रा न करने की अपील

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब रुद्रप्रयाग जिले में गंभीर रूप से देखने को मिल रहा है। अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां उफान पर हैं, जबकि कई स्थानों पर भूस्खलन से सड़क संपर्क बाधित हो गया है। बेलनी क्षेत्र में अलकनंदा नदी के किनारे स्थापित भगवान शिव की विशाल प्रतिमा पूरी तरह जलमग्न हो गई है, जो नदी के बढ़ते जलस्तर की गंभीर स्थिति को दर्शा रही है।
लगातार बारिश के चलते श्रीनगर–रुद्रप्रयाग के बीच सिरोबगड़ में भूस्खलन होने से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। हाईवे बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। वहीं केदारनाथ हाईवे के बांसबाड़ा क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे मार्ग पर आवाजाही जोखिमभरी बनी हुई है और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
जिले के नदी-नाले भी उफान पर हैं। अलकनंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ते हुए चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव दल पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैनात की गई हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से बदरीनाथ और केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने तथा अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है।
प्रशासन का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है तथा भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसलिए स्थानीय लोगों और यात्रियों से अत्यधिक सतर्क रहने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। वहीं एहतियात के तौर पर देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत और उत्तरकाशी जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।



