‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद कांग्रेस का हमला, पेपर लीक और भ्रष्टाचार को लेकर कुमारी शैलजा ने धामी सरकार को घेरा

देहरादून: राजधानी देहरादून में आयोजित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब भी जनता और युवाओं की आवाज उठाते हैं, भाजपा उनके कार्यक्रमों में व्यवधान पैदा करने का प्रयास करती है।
कुमारी शैलजा ने कहा कि 17 जुलाई को आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भी भाजपा ने विभिन्न तरीकों से कार्यक्रम को प्रभावित करने की कोशिश की। कभी कार्यक्रम स्थल को लेकर बाधाएं खड़ी की गईं तो कभी उसी समय अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद राहुल गांधी पीछे हटने वाले नहीं हैं और युवाओं के मुद्दे लगातार उठाते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज इसलिए उठा रही है क्योंकि राज्य सरकार युवाओं की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे छात्रों ने अपनी समस्याएं साझा कीं, जिससे सरकार की नाकामी उजागर हुई।
प्रदेश प्रभारी ने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में युवाओं का भविष्य लगातार प्रभावित हो रहा है और राज्य “पेपर लीक की राजधानी” बन गया है। उनके अनुसार, भ्रष्टाचार का एक बड़ा रूप पेपर लीक है और डबल इंजन सरकार में भ्रष्टाचार दीमक की तरह व्यवस्था को खोखला कर रहा है।
कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा की बेचैनी इस बात का संकेत है कि प्रदेश में राजनीतिक माहौल बदल रहा है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह और जनसमर्थन इस बदलाव का स्पष्ट संदेश है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में राहुल गांधी सहित कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी उत्तराखंड में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।



