मसूरी-देहरादून मार्ग पर नाइट कर्फ्यू जैसा फैसला, रात 8 से सुबह 6 बजे तक वाहनों की एंट्री बंद

देहरादून: लगातार हो रही बारिश और पानी बैंड के पास भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने मसूरी-देहरादून मार्ग पर रात के समय वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। आदेश के अनुसार रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक इस मार्ग पर सभी सामान्य वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। केवल आवश्यक सेवाओं और विशेष परिस्थितियों में ही वाहनों को आवाजाही की अनुमति दी जाएगी।
प्रशासन ने यह फैसला पानी बैंड क्षेत्र में सड़क धंसने और लगातार भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लिया है। गुरुवार को एसडीएम राहुल आनंद ने मसूरी और राजपुर थाना पुलिस को आपदा की स्थिति में पूरी तरह अलर्ट रहने और प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
भूस्खलन के बाद बढ़ाई गई सतर्कता
कुछ दिन पहले भारी बारिश के चलते पानी बैंड के पास सड़क का आधा हिस्सा धंस गया था, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बैक कटिंग कर मार्ग को अस्थायी रूप से यातायात के लिए खोल दिया था, लेकिन बुधवार शाम फिर से मलबा आने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए।
PWD के जूनियर इंजीनियर प्रदीप शाही ने बताया कि देहरादून-मसूरी मार्ग फिलहाल यातायात के लिए खुला है, लेकिन किमाड़ी मार्ग अभी तक बहाल नहीं हो सका है।
तीन दिन बाद शुरू हुई टेंपो ट्रैवलर सेवा
तीन दिनों के लंबे इंतजार के बाद रोडवेज ने गुरुवार से देहरादून-मसूरी मार्ग पर टेंपो ट्रैवलर सेवा दोबारा शुरू कर दी है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राहत मिली है।
मंडलीय प्रबंधक सुरेश चौहान ने बताया कि फिलहाल बड़े वाहनों की आवाजाही में दिक्कत बनी हुई है, इसलिए रोडवेज बस सेवा अभी शुरू नहीं की गई है। देहरादून से मसूरी तक रोडवेज बस का किराया 80 रुपये है, जबकि टेंपो ट्रैवलर का किराया 105 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है।
जीरो प्वाइंट के पास खाई में गिरा व्यक्ति, सुरक्षित रेस्क्यू
इधर, मसूरी के जीरो प्वाइंट के पास एक व्यक्ति खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही फायर सर्विस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त अभियान चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
फायर विभाग के अधिकारी धीरज सिंह तड़ियाल ने बताया कि घायल की पहचान कुंदन लाल (45) निवासी टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी कैंपटी के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें उप जिला चिकित्सालय भेजा गया है। हादसा गुरुवार दोपहर करीब 2:15 बजे हुआ।



