पौड़ी में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, मासूम की बची जान

पौड़ी: उत्तराखंड में देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडाधार के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार के लक्सर से पौड़ी जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मृतकों में एक महिला और दो बच्चे भी शामिल हैं।
अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बोलेरो
जानकारी के अनुसार हादसा देवप्रयाग-पौड़ी रोड पर कुंडाधार के पास सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुआ। हरिद्वार के लक्सर से परिवार के छह लोग बोलेरो से पौड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे की वजह तेज गति बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पौड़ी और टिहरी पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। खड़ी चढ़ाई और दुर्गम स्थान होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने खाई से शवों को बाहर निकाला।
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
हादसे में ग्राम रायपुर जीतपुर, लक्सर, हरिद्वार निवासी अफजाल (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), गुफरान (34), शादाब (14) और तीन वर्षीय अनाविया की मौत हो गई। वहीं 16 वर्षीय अरहाम गंभीर रूप से घायल हुआ है।
घायल अरहाम को 108 एंबुलेंस की मदद से पहले स्वास्थ्य केंद्र बागी देवप्रयाग ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।
सड़क चौड़ी और पक्की होने के बावजूद हुआ हादसा
थाना देवप्रयाग के एसआई रविंद्र भंडारी के अनुसार हादसा सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुआ। जिस स्थान पर वाहन सड़क से नीचे गिरा, वहां सड़क काफी चौड़ी और पक्की है। प्रथमदृष्टया वाहन की तेज गति को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मजदूरी और ठेकेदारी का काम करता था परिवार
पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार परिवार लक्सर क्षेत्र का रहने वाला था। परिवार के लोग ठेकेदारी, वेल्डिंग और मजदूरी आदि का काम करते थे। हादसे में परिवार के पांच सदस्यों की मौत के बाद लक्सर में भी शोक की लहर है।



