
देहरादून। राजधानी देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा से भाग रहे बदमाश ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हरबंसवाला बैरियर पर देर रात सघन वाहन चेकिंग अभियान चल रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी।
घायल बदमाश को पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ अस्पताल का भी निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आकाश 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का आरोपी है। उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है।
चेन स्नेचिंग में लूटी गई चेन बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा बरामद की है। प्रारंभिक जांच में एक्टिवा के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने चेन स्नेचिंग में लूटी गई चेन भी बरामद कर ली है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, आकाश उर्फ तमंचा शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।



