डोईवाला टोल प्लाजा के पास दर्दनाक हादसा, लोडिंग वाहन से टकराई इको; 2 की मौत, 5 घायल

देहरादून। डोईवाला टोल प्लाजा के पास देहरादून-हरिद्वार रोड पर बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मणिमाई मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े लोडिंग वाहन से इको गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में इको सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इको गाड़ी सात लोगों को लेकर देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसके आगे चल रहे लोडिंग वाहन का अचानक टायर निकल गया। टायर निकलने के बाद लोडिंग वाहन अनियंत्रित हो गया और इको गाड़ी से टकरा गया। इसके बाद इको भी लोडिंग वाहन से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि इको में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पांच घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इनमें तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हर्रावाला चौकी प्रभारी कमलेश गौड़ ने बताया कि हादसा लोडिंग वाहन का टायर निकलने के बाद वाहन के अनियंत्रित होने से हुआ। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।



