उत्तराखंड

महंगाई और E20 पेट्रोल के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

Listen to this article

देहरादून। चीनी की बढ़ती कीमतों और E20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने शनिवार को देहरादून में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से ईस्ट कैनाल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। रोजमर्रा की जरूरतों में शामिल चीनी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने दावा किया कि करीब एक महीने पहले चीनी 44 से 45 रुपये प्रति किलो मिल रही थी, जो अब बढ़कर 65 से 66 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।

धस्माना ने आरोप लगाया कि इथेनॉल मिश्रण की नीति के कारण गन्ने की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिसका असर चीनी मिलों और चीनी उत्पादन पर पड़ रहा है। कांग्रेस ने सरकार से चीनी की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने E20 पेट्रोल को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस का आरोप है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई वाहनों में खराबी की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी मुद्दे को जनता के बीच उठाने के लिए प्रदर्शन के लिए पेट्रोल पंप का स्थान चुना गया।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल की कीमतों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ में अपेक्षित कमी नहीं की गई है। पार्टी ने केंद्र सरकार पर आम जनता की मेहनत की कमाई पर अतिरिक्त बोझ डालने का आरोप लगाया।

कांग्रेस ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल देहरादून तक सीमित नहीं रहेगा। चीनी की बढ़ती कीमतों और E20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर पूरे उत्तराखंड में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। प्रदेश के अलग-अलग शहरों, जिलों और कस्बों में प्रदर्शन कर सरकार की नीतियों का विरोध किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, देहरादून में शनिवार को किया गया प्रदर्शन प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरुआत है और आने वाले दिनों में इन दोनों मुद्दों को लेकर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!