उत्तराखंड

सीएम आवास कूच पर निकली कांग्रेस, हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग कर पुलिस ने रोका

Listen to this article

देहरादून: कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान कथित अपमान के विरोध में सोमवार 7 सितंबर को देहरादून में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास घेराव का आह्वान किया। कार्यक्रम के तहत अलग-अलग जिलों से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता परेड ग्राउंड पहुंचे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।

प्रदर्शन के दौरान हो रही भारी बारिश भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह नहीं तोड़ सकी। परेड ग्राउंड में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ कथित तौर पर किए गए व्यवहार को लोकतांत्रिक परंपराओं और विपक्ष के सम्मान के खिलाफ बताया।

मुख्यमंत्री आवास कूच से पहले परेड ग्राउंड में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत विपक्ष के विधायकों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन को लेकर एकजुट रहने का आह्वान किया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हल्द्वानी में खड़गे के साथ किए गए कथित व्यवहार के विरोध में कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री आवास कूच का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई जा रही है। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता और कार्यकर्ताओं की आवाज सरकार तक पहुंचाती रहेगी।

परेड ग्राउंड से गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े। हालांकि पुलिस ने हाथीबड़कला चौकी के समीप बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया। काफी देर से कांग्रेसी कार्यकर्ता वहीं डटे हुए हैं।

कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रदर्शन के चलते देहरादून के विभिन्न इलाकों में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!