उत्तराखंड

बारिश और भूस्खलन से बढ़ी मुश्किलें,पिथौरागढ़ में 18 सड़कें बंद; टिहरी में रिंग रोड का पुश्ता क्षतिग्रस्त

Listen to this article

पिथौरागढ़/टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 10 सितंबर तक मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके अनुसार अगले छह दिनों तक प्रदेश के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसका असर अब कई जिलों में साफ दिखाई देने लगा है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है, जबकि टिहरी में निर्माणाधीन जाख-डोबरा रिंग रोड के तहत बनाया गया पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया है।

सीमांत पिथौरागढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। बारिश और भूस्खलन के चलते जिले में 18 मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। इससे कई ग्रामीण क्षेत्रों का जिला और तहसील मुख्यालयों से संपर्क प्रभावित हुआ है। सड़कें बंद होने से यात्रियों के साथ मरीजों और जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। चीन सीमा को जोड़ने वाले मार्गों पर भी बारिश का असर पड़ा है और कई स्थानों पर घंटों यातायात बाधित रहा।

बंद सड़कों को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियां जुटी हुई हैं। मौसम विभाग ने 5 सितंबर को भी पिथौरागढ़ में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से एहतियाती कदम उठाए गए हैं। 5 सितंबर को स्कूल बंद रहने की सूचना भी जारी की गई है। अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है।

पिथौरागढ़ में बंद मोटर मार्ग: घारचूला-तवाघाट, तवाघाट-गुंजी, ड्योरा-बारमू, जौलजीबी-झूलाघाट, सोबला-उमचिया, होकरा-नामिक, एलागाड़-जुम्मा, घापाबैण्ड-बुई-पातों, बांसबगड़-कोटा, मदकोट-दारमा, जैती-घोरपट्टा, घट्टाबगड़-तांकुल, देविसौना-गराली-कूटा, मालाकोट-लोघ, मदकोट-बोना, कनालीछीना-पीपली, जाखपन्त-मनकोट-चौड़ी और गिनीबैण्ड-समकोट मोटर मार्ग बंद हैं।

वहीं, बागेश्वर जिले में भी लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश और भूस्खलन के चलते एनएच-109 समेत 16 मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। सड़कों पर मलबा आने से कई क्षेत्रों में यातायात बाधित है। रवाईखाल क्षेत्र में सड़क बंद होने के कारण एंबुलेंस, बस और टैक्सी समेत सैकड़ों वाहन घंटों फंसे रहे। मरीज को लेकर बैजनाथ जा रही एंबुलेंस भी करीब डेढ़ घंटे तक जाम में फंसी रही। विभागीय कर्मचारी और मशीनें मलबा हटाकर मार्ग खोलने में जुटी हैं। प्रशासन ने लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

उधर, टिहरी गढ़वाल में लगातार बारिश के बीच निर्माणाधीन जाख-डोबरा रिंग रोड के तहत बनाया गया पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया। पहली ही बारिश में पुश्ते का हिस्सा टूटने और धंसने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुश्ता क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया गया होता तो बारिश के शुरुआती दौर में ही पुश्ते की ऐसी स्थिति नहीं बनती। लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण कार्यदायी संस्था से मामले का संज्ञान लेते हुए पुश्ते के निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त हिस्से को केवल औपचारिक रूप से ठीक करने के बजाय निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा मजबूत तरीके से निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि रिंग रोड क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सड़क परियोजना है। ऐसे में निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही भविष्य में सड़क की सुरक्षा और आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!