प्रेमनगर टी-स्टेट क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सामंजस्य बैठक, सुरक्षा और साफ-सफाई पर बनी सहमति

देहरादून: देहरादून कैंट विधानसभा के प्रेमनगर क्षेत्र में टी-स्टेट से लगे रिहायशी इलाकों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर एक सामंजस्य बैठक आयोजित की गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता जोगेंद्र पुंडीर के नेतृत्व में आयोजित बैठक में टी-स्टेट के मैनेजर नीरज शर्मा, सिक्योरिटी अफसर सुरज थापा, कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष विनोद पंवार सहित स्थानीय क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
बैठक में टी-स्टेट से सटे रिहायशी क्षेत्रों की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। स्थानीय लोगों की ओर से रिहायशी क्षेत्र से लगी टी-स्टेट की जमीन पर नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया।
रिहायशी इलाकों की सुरक्षा को लेकर जहां आवश्यकता है, वहां बाउंड्री वॉल बनाने और जिन स्थानों पर तारबाड़ की जरूरत है, वहां तारबाड़ की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति की मांग भी रखी गई।
टी-स्टेट के मैनेजर नीरज शर्मा ने इन कार्यों को लेकर सहर्ष सहमति जताई और जल्द से जल्द आवश्यक कार्य कराने की बात कही। उन्होंने स्थानीय क्षेत्रवासियों से भी सहयोग की अपेक्षा की। इस पर स्थानीय लोगों ने भी टी-स्टेट के आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने पर सहमति जताई।
बैठक में टी-स्टेट से लगे रिहायशी क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के सहयोग से किसी भी प्रकार का कूड़ा-कर्कट या गंदगी टी-स्टेट के आसपास अथवा सड़क के किनारे न फेंके जाने को लेकर भी सार्थक वार्ता हुई। इसके लिए एक कमेटी के गठन की बात पर सहमति बनी।
इसके अलावा कैंटोनमेंट बोर्ड के सहयोग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर सुरक्षा की दृष्टि से कुछ स्थानों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था करने के साथ ही कैमरे लगवाने पर भी सहमति बनाई गई।
बैठक में खिलाफ सिंह बिष्ट, हीरा सिंह गोसाईं, सुरेंद्र राठौर, राजेश सेन, सुप्रिया डोभाल सहित अन्य गणमान्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



