उत्तराखंड

खूनी विवाद के बाद शराब ठेके के खिलाफ प्रदर्शन, महिलाओं ने उठाई शिफ्ट करने की मांग

Listen to this article

रुद्रप्रयाग: बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के समीप शुक्रवार शाम हुए खूनी विवाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मारपीट के दौरान 42 वर्षीय मदनलाल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गर्दन पर गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद शराब ठेके के आसपास अफरा-तफरी का माहौल रहा। मामले में घायल मदनलाल की बेटी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मारपीट की घटना के बाद अमसारी गांव की महिलाएं शराब ठेके के बाहर धरने पर बैठ गईं। महिलाओं ने शराब की दुकान के संचालन का विरोध करते हुए ठेके को आबादी क्षेत्र से हटाकर अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि शराब की दुकान खुलने के बाद आसपास का माहौल प्रभावित हुआ है और आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है।

महिलाओं का कहना है कि वे पिछले तीन वर्षों से शराब ठेका हटाने की मांग कर रही हैं। इस संबंध में कई बार विरोध-प्रदर्शन करने के साथ ही प्रशासन से शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक उनकी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार की घटना के बाद महिलाओं का आक्रोश और बढ़ गया।

महिलाओं ने कहा कि ठेके के आसपास होने वाले विवादों से स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने प्रशासन से घटना को गंभीरता से लेते हुए शराब ठेके को आबादी क्षेत्र से दूर स्थानांतरित करने की मांग की।

वहीं, कोतवाल मुकेश सिंह ने बताया कि मारपीट का मामला सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!