उत्तराखंड

हरिद्वार में AI के दुरुपयोग का मामला, महिला के गंगा स्नान के वीडियो से छेड़छाड़ कर वायरल करने का आरोप

Listen to this article

हरिद्वार: सोशल मीडिया के दौर में एआई तकनीक के दुरुपयोग का एक मामला धर्मनगरी हरिद्वार में सामने आया है। आरोप है कि हरकी पैड़ी क्षेत्र में गंगा स्नान कर रही एक महिला के मूल वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर एआई की मदद से कपड़े बदलकर उसे आपत्तिजनक रूप में सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। मामला सामने आने के बाद तीर्थ पुरोहितों में नाराजगी है और वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, हरकी पैड़ी क्षेत्र के मालवीय घाट के पास गंगा स्नान कर रही एक महिला का वीडियो बनाया गया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने इसी वीडियो को डाउनलोड कर उसमें छेड़छाड़ की और महिला के कपड़े बदलकर आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया। इसके बाद कथित तौर पर इसे सोशल मीडिया पर दोबारा प्रसारित किया गया।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली। इस बीच सामने आए एक फैक्ट चेक वीडियो में दावा किया गया कि महिला के स्नान का मूल वीडियो वास्तविक है, जबकि बाद में कपड़े बदलकर वायरल किया गया वीडियो फर्जी है। हालांकि, वायरल वीडियो की वास्तविकता और उसमें हुई कथित छेड़छाड़ की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हरकी पैड़ी करोड़ों लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में गंगा घाट पर बनाए गए वीडियो के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उसे आपत्तिजनक रूप में प्रसारित किए जाने को लेकर तीर्थ पुरोहितों ने नाराजगी जताई है। धार्मिक स्थलों से जुड़े वीडियो के इस तरह प्रसारित होने को लेकर एआई तकनीक के दुरुपयोग पर भी सवाल उठ रहे हैं।

श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि एआई के माध्यम से महिलाओं के चित्रों को इस तरह सोशल मीडिया पर दर्शाया जाना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की सामग्री से तीर्थ स्थलों को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

वहीं, हरकी पैड़ी चौकी इंचार्ज अंशुल अग्रवाल ने बताया कि गंगा स्नान के वायरल वीडियो का मामला संज्ञान में आया है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!