देहरादून में छह एटीएम से 5.61 लाख रुपये की अवैध निकासी, म्यूल अकाउंट के जरिए निकाली रकम

देहरादून: एसटीएफ की ओर से साइबर अपराधियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ चलाए गए सात दिवसीय ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ के बावजूद साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में देहरादून के डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग बैंकों के एटीएम से 5.61 लाख रुपये से अधिक की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। साइबर सेल की जांच में सामने आया कि रकम शहर के छह अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित एटीएम से कई किस्तों में निकाली गई।
साइबर सेल की पड़ताल के अनुसार करनपुर, ईसी रोड, राजपुर रोड, दर्शन लाल चौक, सर्कुलर रोड और 5th क्रॉस रोड स्थित एटीएम से रकम निकाली गई। जांच में एसबीआई, यूको बैंक, केनरा बैंक, साउथ इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम सामने आए हैं। इन एटीएम से कुल 5,61,256.53 रुपये की निकासी होने की जानकारी मिली है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने किसी एक एटीएम को निशाना बनाने के बजाय अलग-अलग इलाकों में स्थित एटीएम का इस्तेमाल किया। साइबर सेल से मिली जानकारी के बाद करनपुर चौकी प्रभारी की तहरीर पर डालनवाला कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने संबंधित एटीएम और घटनास्थलों की जानकारी जुटाने के साथ ही वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर रकम निकालने वाले संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि रकम किस तरीके से अलग-अलग खातों में पहुंची और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
उपनिरीक्षक विक्की टम्टा के अनुसार एटीएम से म्यूल अकाउंट के जरिए रकम निकाली गई है। म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खातों को कहा जाता है, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी ठगी या अवैध रूप से प्राप्त धन को प्राप्त करने और आगे ट्रांसफर करने के लिए करते हैं।
डालनवाला कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि उपनिरीक्षक विक्की टम्टा की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।



