
11 माह पहले शुरू की दौड़, अब 42.2 किमी की फुल मैराथन पूरी कर डॉ. आलोक त्यागी ने हासिल किया मेडल
देहरादून। जिला चिकित्सालय, स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. आलोक त्यागी (PT) ने अपने रनिंग सफर में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। महज 11 माह पहले दौड़ की शुरुआत करने वाले डॉ. आलोक ने अपनी पहली फुल मैराथन में 42.2 किलोमीटर की दूरी सफलतापूर्वक पूरी कर मेडल अपने नाम किया।

डॉ. आलोक ने यह उपलब्धि 5th Edition of Sarmang Dehradun Marathon 2026 में हासिल की। प्रतियोगिता में देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में धावकों ने हिस्सा लिया। मैराथन की खास बात यह रही कि यह World Athletics Certified और AIMS Certified रेस है। इसे उत्तराखंड की एकमात्र AIMS-certified marathon के रूप में भी पहचान प्राप्त है और यह Boston Marathon Qualifier Race भी है।
फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में स्वास्थ्य और शारीरिक सक्रियता से जुड़े डॉ. आलोक ने अपने व्यस्त चिकित्सकीय दायित्वों के बीच नियमित प्रशिक्षण जारी रखा। महज 11 महीनों के सफर में उन्होंने पहले 5K और 10K, फिर हाफ मैराथन और उसके बाद 30 से 32 किलोमीटर तक की लंबी दौड़ों को पूरा किया। इसके बाद उन्होंने पहली बार 42.2 किलोमीटर की फुल मैराथन चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा किया।
डॉ. आलोक त्यागी ने अपनी उपलब्धि को लेकर कहा कि यह सिर्फ 42.2 किलोमीटर की दूरी पूरी करने की बात नहीं है, बल्कि यह निरंतर प्रयास, अनुशासन और खुद पर विश्वास की जीत है। उनका कहना है कि यदि सही दिशा में लगातार मेहनत की जाए तो व्यक्ति अपनी सीमाओं को लगातार आगे बढ़ा सकता है।
डॉ. आलोक की यह उपलब्धि फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन लोगों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है, जो दौड़ और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहते हैं।



