राष्ट्रपति का दौरा फाइनल, जानिए कब आएंगी केदारनाथ और कब करेंगी बाबा केदार के दर्शन

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बाबा केदार के दर्शन करने केदारनाथ धाम आ रही हैं। केदारनाथ के कपाट 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होने जा रहे हैं, उससे पहले 2 नवंबर को राष्ट्रपति केदारनाथ में पूजा-अर्चना करेंगी। उनका दौरा फाइनल हो गया है। शासन से लेकर रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन तक तैयारियों में जुट गया है। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
1 नवंबर को देहरादून पहुंचेंगी, राजभवन में रात्रि विश्राम
कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 1 नवंबर को शाम 4:45 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां प्रोटोकॉल के तहत स्वागत के बाद वे सीधे देहरादून के लोक भवन (राजभवन) जाएंगी।
राजभवन में उनकी उत्तराखंड के नए राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन से मुलाकात होगी। राष्ट्रपति रात में वहीं विश्राम करेंगी।
2 नवंबर को केदारनाथ में करेंगी पूजा
अगले दिन 2 नवंबर को सुबह राष्ट्रपति राजभवन से हेलीपैड के लिए रवाना होंगी और हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचेंगी।
केदारनाथ में वे करीब एक घंटे रहेंगी। इस दौरान बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी। साथ ही मंदिर के पुजारियों और तीर्थ पुरोहितों से मिलने का भी कार्यक्रम है। दर्शन के बाद वे जौलीग्रांट एयरपोर्ट लौटकर दिल्ली के लिए रवाना होंगी। यह दौरा निजी बताया जा रहा है।
कपाट बंद होने से पहले रिकॉर्ड यात्रा
केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे बंद होंगे। इस बार चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड भीड़ उमड़ी है। 20 अक्टूबर तक करीब 17.6 लाख श्रद्धालु केदारनाथ में दर्शन कर चुके हैं। अंतिम दिनों में भी यात्री लगातार पहुंच रहे हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा, हेली सेवा, प्रोटोकॉल और मौसम को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्र और बदलते मौसम को देखते हुए हवाई संचालन पर विशेष नजर रखी जा रही है। सभी विभागों को आपसी समन्वय से व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है।



