उत्तराखंड

भगवान बद्री विशाल के दरबार से कांग्रेस की न्याय यात्रा शुरू, प्रदेशभर में गूंजेगी न्याय की आवाज

Listen to this article

देहरादून। प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को बदरीनाथ धाम से ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ की शुरुआत की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में शुरू हुई इस यात्रा के दौरान पार्टी ने भ्रष्टाचार, अन्याय और जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा आगे के लिए रवाना हुई।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में उत्तराखंड में भ्रष्टाचार, दुराचार और अन्याय चरम पर है। उन्होंने कहा कि भगवान बद्री विशाल के दरबार से उठी न्याय की आवाज पूरे गढ़वाल, कुमाऊं और तराई तक गूंजेगी। कांग्रेस जनता के अधिकारों, न्याय और उत्तराखंड की अस्मिता की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार को जनविरोधी और संस्कृति विरोधी बताते हुए उसे सत्ता से हटाने का आह्वान किया।

गढ़वाल क्षेत्र में न्याय यात्रा बदरीनाथ धाम से शुरू होकर जोशीमठ, पीपलकोटी और चमोली होते हुए आगे बढ़ेगी। इसके बाद नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, गौचर और रुद्रप्रयाग में यात्रा निकाली जाएगी। 24 अक्टूबर को चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के सतपुली, यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र और कोटद्वार में कार्यक्रम होंगे। 25 अक्टूबर को लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के बीरोंखाल में न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी।

वहीं, 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारियों को लेकर बैठक प्रस्तावित है। कांग्रेस इस यात्रा के जरिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर सरकार के खिलाफ मुद्दों को उठाने की तैयारी में है।

कांग्रेस चार चरणों में न्याय यात्रा निकाल रही है। इसी क्रम में कुमाऊं मंडल में भी यात्रा का शुभारंभ अल्मोड़ा स्थित गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा। इस दल का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलक राज बेहड़ करेंगे।

कुमाऊं की न्याय यात्रा रानीखेत से खैरना, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा, रुद्रपुर, बाजपुर और काशीपुर तक पहुंचेगी। 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में प्रेस वार्ता भी आयोजित की जाएगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!