देहरादून के निजी स्कूल में छेड़छाड़ पर हंगामा, महिला अधिकारी करेंगी जांच

देहरादून। देहरादून के प्राइवेट स्कूल में 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए महिला अधिकारी को लगाया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
शुक्रवार को इस मामले को लेकर स्कूल में जमकर हंगामा हुआ। छात्रा की मां का आरोप है कि फिजिक्स के शिक्षक पिछले डेढ़ महीने से उनकी बेटी को परेशान कर रहे थे और गलत तरीके से छूते थे।
मां ने बताया कि उन्होंने 15 अक्टूबर को स्कूल के प्रिंसिपल को लिखित शिकायत दी थी, जिसमें उनकी बेटी समेत 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे। शिकायत के बाद भी शिक्षक पर कोई एक्शन नहीं लिया गया।
पीड़िता की मां का कहना है कि कार्रवाई करने के बजाय उनकी बेटी पर ही मामला खत्म करने का दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोपी शिक्षक पर सख्त कार्रवाई और स्कूल प्रबंधन से सार्वजनिक माफी की मांग की है।



