त्योहारी सीजन में पलटन बाजार में वाहनों पर लगी रोक, डीएम के आदेश पर प्रशासन ने कसी कमर

देहरादून। त्योहारी सीजन में शहर में सुगम यातायात व्यवस्था, बाजारों में भीड़ प्रबंधन और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आदेश जारी किए हैं कि पलटन समेत अन्य व्यस्त बाजारों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
आदेश के अनुसार लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य प्रातः 11 बजे से पहले और शाम सात बजे के बाद ही होगा।
शुक्रवार को एडीएम केके मिश्रा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम के संबंधित अधिकारी और व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में त्योहारी सीजन के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों, विशेषकर पलटन बाजार एवं अन्य व्यस्ततम क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण तथा जनसुरक्षा सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए लोगों, व्यापारियों और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
तय किया गया कि पलटन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों से अनुरोध किया गया कि लोडिंग अनलोडिंग का कार्य प्रातः 11 बजे से पूर्व तथा शाम सात बजे के बाद ही करें। एडीएम ने व्यापारियों से व्यवस्था बनाने में सहयोग की अपील की।
अतिक्रमण पर संयुक्त टीम करेगी कार्रवाई
एडीएम मिश्रा ने निर्देश दिए कि पलटन बाजार सहित शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम बाजारों में अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन और पुलिस अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करेगी। बाजारों में आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमण, रेहड़ी-ठेली तथा अन्य प्रकार के अवरोधों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस, नगर निगम एवं प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बाजारों में व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार संयुक्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में उप जिलाधिकारी मुख्यालय हर्षिता सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, सीओ यातायात जगदीश पंत, महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन, उपाध्यक्ष हरीश विरमानी आदि उपस्थित रहे।



