धामी सरकार की महिलाओं को सौगात, करवा चौथ पर 29 अक्टूबर को अवकाश घोषित

देहरादून। उत्तराखंड की धामी सरकार ने करवा चौथ के अवसर पर महिला कर्मचारियों को अवकाश देने का आदेश जारी किया है। प्रदेश में 29 अक्टूबर 2026, बृहस्पतिवार को करवा चौथ के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस फैसले से शासकीय और अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों तथा शासकीय प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कार्मिकों को त्योहार मनाने का अवसर मिलेगा।
सचिवालय प्रशासन की ओर से जारी आदेश में सचिव राजेंद्र कुमार ने कहा है कि उत्तराखंड राज्य के अधीन शासकीय-अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और शासकीय प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कार्मिकों के लिए 29 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है। सभी संबंधित कार्यालयों को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले साल भी घोषित हुई थी छुट्टी
करवा चौथ पर महिला कर्मचारियों को अवकाश देने का फैसला पिछले साल भी लिया गया था। इस बार भी महिला कार्मिकों को सरकार के आदेश का इंतजार था। आदेश जारी होने के बाद महिला कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।
करवा चौथ पर सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ व्रत रखती हैं। महिलाएं सूर्योदय से चंद्रोदय तक निर्जला व्रत रखकर शाम को भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और करवा माता की पूजा करती हैं। इसके बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत खोलती हैं। त्योहार को लेकर बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है।



