उत्तराखंड

दून में एसएसपी का अनोखा अंदाज! हेलमेट वालों को फूल, बिना हेलमेट वालों को हेलमेट

Listen to this article

डबल हेलमेट पहनने वालों को एसएसपी ने दिए फूल, बिना हेलमेट वालों को बांटे हेलमेट

पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट अनिवार्य, नियमों का उल्लंघन करने पर अब होगा चालान

देहरादून। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए शुक्रवार को दून पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में पुलिस का अनोखा अंदाज देखने को मिला। दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठी सवारी, दोनों के हेलमेट पहनने पर एसएसपी ने उन्हें फूल देकर सम्मानित किया, जबकि बिना हेलमेट पीछे बैठने वाले लोगों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान एसएसपी देहरादून स्वयं शहर के प्रमुख चौराहों पर पहुंचे और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारी (पिलियन राइडर) के लिए भी हेलमेट की अनिवार्यता की जानकारी दी। जिन लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था, उन्हें इसके महत्व के बारे में समझाते हुए हेलमेट दिए गए और आगे से अनिवार्य रूप से इसका इस्तेमाल करने की अपील की गई। वहीं, दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों के हेलमेट पहनने पर एसएसपी ने उन्हें फूल देकर सम्मानित किया। साथ ही उनके जागरूक व्यवहार की सराहना करते हुए अन्य वाहन चालकों से भी इसका अनुसरण करने की अपील की। एसएसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। दून पुलिस का उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने वाहन चालकों से ओवरस्पीडिंग से बचने, शराब पीकर वाहन न चलाने, कार में सीट बेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील भी की।

अब पीछे बैठे व्यक्ति के हेलमेट न पहनने पर भी कार्रवाई

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाली सवारी के हेलमेट नहीं पहनने पर अब वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी यातायात समेत यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!