
देहरादून। जनपद देहरादून में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सात अधिकारियों की नवीन तैनाती के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के तहत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, हरषिता सिंह (IAS) को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी (न्यायिक), देहरादून से ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी, मसूरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं रविन्द्र कुमार जुवांठा को डिप्टी कलेक्टर (भू)/प्रभारी अधिकारी, जिला कार्यालय देहरादून से उप जिलाधिकारी चकराता, कालसी एवं त्यूणी की जिम्मेदारी दी गई है। चकराता, कालसी एवं त्यूणी में तैनात प्रेम लाल को डिप्टी कलेक्टर (भू)/प्रभारी अधिकारी, जिला कार्यालय तथा उप जिलाधिकारी (न्यायिक), देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में अपूर्वा सिंह को उप जिलाधिकारी सदर से उप जिलाधिकारी डोईवाला नियुक्त किया गया है। अभय प्रताप सिंह की तैनाती उप जिलाधिकारी विकासनगर के पद पर की गई है।
इसके अलावा राजकुमार पाण्डेय को डिप्टी कलेक्टर देहरादून से उप जिलाधिकारी ऋषिकेश तथा मुकेश रमौला को डिप्टी कलेक्टर देहरादून से उप जिलाधिकारी सदर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती का कार्यभार ग्रहण करने और अनुपालन आख्या जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।



