देहरादून
उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर जिला अस्पताल कोरोनेशन में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश देते हुए विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पीएमएस डॉ. यतेंद्र सिंह ने किया, जिसमें अस्पताल के सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


इस अवसर पर अस्पताल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। सभी चिकित्सकों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया।
पीएमएस डॉ. यतेंद्र सिंह ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। अस्पताल परिसर को अधिक हरित और स्वच्छ बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकता है।
इस अवसर पर सीनियर फिजिशियन डॉ प्रवीण पंवार, फिजियोथेरेपिस्ट (PT) डॉ आलोक त्यागी, पीआरओ प्रमोद पंवार सहित अन्य डॉक्टर और कर्मचारी मौजूद रहे।



