मोहब्बेवाला में फिर हादसा: रंबल स्ट्रिप के बाद अनियंत्रित हुआ ईंटों से भरा ट्रक, गर्ल्स हॉस्टल में घुसा

देहरादून। थाना क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के मोहब्बेवाला में एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे से देहरादून की ओर आ रहा ईंटों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। हादसे के बाद हॉस्टल और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलने पर थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के अंदर फंसे चालक को बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, क्रेन की मदद से ट्रक को भी मौके से हटाया गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक मशरूर मुजफ्फरनगर से ईंटों से भरा ट्रक लेकर देहरादून आ रहा था। नेशनल हाईवे से शहर की ओर प्रवेश करते समय ढलान पर बनाए गए रंबल स्ट्रिप से ट्रक में जोरदार उछाल आया। चालक के अनुसार, इसी दौरान ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। करीब 200 मीटर आगे जाने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए परिसर में घुस गया और पलट गया।
ट्रक चालक मशरूर ने बताया कि रंबल स्ट्रिप के कारण ट्रक की गति कम हो गई थी, लेकिन उन पर से गुजरते समय ट्रक में काफी उछाल आया। इसके बाद ब्रेक फेल हो गए। सड़क पर किसी तरह की जनहानि न हो, इसके लिए उसने ट्रक को सड़क किनारे मोड़ दिया, जिसके बाद ट्रक हॉस्टल की दीवार तोड़कर अंदर जा घुसा।
मोहब्बेवाला में कुछ दिन पहले भी दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन लोग घायल हुए थे। हादसे के बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और जिलाधिकारी आशीष चौहान ने मौके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे से आगे ढलान वाले हिस्से में वाहनों की गति कम करने के लिए रंबल स्ट्रिप बनाने के निर्देश दिए थे।
प्रशासन की ओर से सड़क पर रंबल स्ट्रिप बनाए जाने के बाद वाहनों की गति कम हुई है, लेकिन वाहन चालकों का कहना है कि इन स्ट्रिप पर से गुजरने के दौरान वाहनों में काफी उछाल आ रहा है। हालांकि, ट्रक के ब्रेक फेल होने और हादसे के कारणों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
थाना क्लेमेंटटाउन प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को ट्रक से बाहर निकालकर उसका इलाज कराया गया। क्रेन की मदद से ट्रक को भी हटाया गया। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
रंबल स्ट्रिप सड़क पर बनाए गए छोटे-छोटे उभरे हुए या खांचेदार हिस्से अथवा पट्टियां होती हैं। इनके ऊपर से वाहन गुजरने पर पहियों में कंपन और आवाज होती है, जिससे चालक को गति कम करने का संकेत मिलता है। आमतौर पर इन्हें टोल प्लाजा, चौराहों, खतरनाक मोड़ या ऐसे स्थानों से पहले लगाया जाता है, जहां वाहनों की गति नियंत्रित करना जरूरी होता है।



