अमित शाह ने उत्तराखंड को दी 1474 करोड़ की सौगात, बोले- अटल ने बनाया, मोदी ने संवारा; विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड बनाने का संकल्प दोहराया

देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में पहुंचते ही उनका स्वागत मोदी-मोदी के नारों के साथ किया गया। समारोह में प्रदेश की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गृह मंत्री को उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी और गंगाजली भेंट की। साथ ही समुद्र मंथन का प्रतीक चिह्न भी प्रदान किया। इस दौरान अमित शाह ने 1474 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ अपनी बात शुरू की। उन्होंने कहा कि उनकी आवाज राहुल गांधी तक पहुंचनी चाहिए कि उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि गुजरात से आने के बावजूद देवभूमि उत्तराखंड के प्रति उनकी विशेष आस्था है। मान्यता है कि चारधाम यात्रा के बिना मोक्ष का द्वार नहीं खुलता। उत्तराखंड में चारधाम, हेमकुंड साहिब और कुंभ का प्रमुख केंद्र हरिद्वार है।
अटल ने बनाया, मोदी ने संवारा उत्तराखंड
अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि आज उन्हें स्मरण करने का दिन है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्र के लोगों की इच्छा के अनुरूप अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग राज्य का गठन किया था। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों और बलिदानियों को नमन किया।
गृह मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवारा है। विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में विकसित उत्तराखंड महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश को विकसित भारत का सबसे पहले विकसित राज्य बनाने का संकल्प लेना होगा।
सीएम धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों की ओर से अमित शाह का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के खिलाफ ठोस निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलने पर भी शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थापना दिवस से पहले गृह मंत्री का मार्गदर्शन मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। डबल इंजन की सरकार में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है।
धामी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के लिए युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने एसआईआर की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक दल सत्ता में रहते हुए जिस प्रक्रिया को सही बताते हैं, विपक्ष में आने पर उसी पर सवाल उठाने लगते हैं।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को उत्तराखंड के मान-सम्मान की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य का नाम रोशन करने वाले लोगों का अपमान किया जाता है, जबकि सहयोगी दलों के नेता उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताते हैं।
यूसीसी और नकल माफिया पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड को अच्छा स्थान मिला है और खनन क्षेत्र में भी केंद्र सरकार का सहयोग प्राप्त हुआ है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से अधिक है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। नकल विरोधी कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है। इसके बावजूद विपक्षी नेता सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि की जनता विकास चाहती है और सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।
पुलिस लाइन में उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर
परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह के बाद गृह मंत्री शाम को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति निशान यानी प्रेसिडेंट्स कलर से अलंकृत किया जाएगा। इस सम्मान को लेकर पुलिस विभाग में भी तैयारियां की गई हैं।
अंकिता भंडारी मामले को लेकर विरोध, कई जगह प्रदर्शन
अमित शाह के दौरे के दौरान अंकिता भंडारी मामले को लेकर भी विरोध प्रदर्शन हुए। गांधी पार्क से गृह मंत्री का विरोध करने जा रहे अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच से जुड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, गृह मंत्री के परेड ग्राउंड पहुंचने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रात में कुछ स्थानों पर ‘अमित शाह गो बैक’ के नारे लिखे।
डोईवाला में देहरादून एयरपोर्ट के समीप काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। प्रदर्शनकारियों ने एयरपोर्ट के पास आसमान में काले गुब्बारे भी छोड़े। कांग्रेस कार्यकर्ता अंकिता भंडारी मामले में दुष्यंत गौतम की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। राज्योत्सव समारोह में अमित शाह की मौजूदगी को प्रदेश स्थापना दिवस से जुड़े आयोजनों का प्रमुख आकर्षण माना गया।



