बैंक हड़ताल के बीच रविवार को खुले रहेंगे बैंक, ग्राहकों को मिलेगी सभी सेवाएं

देहरादून। बैंक यूनियनों की ओर से 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के बीच ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। हड़ताल से पहले पड़ रहे रविवार को दून में बैंक खुले रहेंगे। इस दौरान ग्राहक बैंक से जुड़े अपने जरूरी काम करा सकेंगे। बैंक शाखाओं के साथ एटीएम-लिंक शाखाओं समेत अन्य बैंकिंग सेवाएं भी संचालित रहेंगी।
बैंक हड़ताल को लेकर उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बैंक यूनियनों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल का एलान किया है। हड़ताल से पहले शनिवार और रविवार को बैंक अवकाश पड़ने के कारण लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी।
ग्राहकों की परेशानी को देखते हुए रविवार को बैंक शाखाएं खोलने का फैसला लिया गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के संयोजक इंद्र सिंह रावत ने बताया कि तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में नकद लेनदेन समेत कई सेवाएं प्रभावित रहेंगी। केंद्र सरकार के निर्देश के तहत रविवार को बैंक खोलकर ग्राहकों को सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
वहीं, हड़ताल के दौरान एटीएम से पैसे निकालने पर किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा। 28 से 30 सितंबर के बीच किसी भी बैंक के एटीएम से लेनदेन करने पर ग्राहकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।



