उत्तराखंड

मौसम का बदला मिजाज: पिथौरागढ़ में मूसलधार बारिश, ऊंची चोटियों पर पड़ी पहली बर्फबारी

Listen to this article

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। जिलेभर में शुक्रवार शाम से मूसलधार बारिश का दौर जारी है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के चलते तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

जिले की विभिन्न तहसीलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। पिथौरागढ़ में सबसे अधिक 56.0 मिमी और कनालीछीना में 55.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा देवलथल में 44.0 मिमी, धारचूला में 34.4 मिमी, बंगापानी में 28.0 मिमी, डीडीहाट में 28.8 मिमी, थल में 25.0 मिमी, तेजम में 20.0 मिमी, बेरीनाग में 18.2 मिमी, मुनस्यारी में 16.4 मिमी, गंगोलीहाट में 13.0 मिमी और गणाई गंगोली में 11.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

वहीं, धारचूला की व्यास घाटी, दारमा घाटी और मुनस्यारी की पंचाचूली व हसलिंग के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो गई है। आदि कैलास क्षेत्र भी धीरे-धीरे बर्फ की सफेद चादर से ढकने लगा है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ कड़ाके की ठंड बढ़ गई है।

लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण जिले में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। मलबा और बोल्डर आने से राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुल 11 मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। सड़क मार्ग बंद होने से जिला मुख्यालय का अन्य क्षेत्रों से संपर्क प्रभावित हुआ है।

मौसम खराब होने के चलते एहतियात के तौर पर आदि कैलास यात्रा भी रोक दी गई है। सायं छह बजे के बाद एनएच पर घाट से आगे वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। वहीं कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर गास्कू, मलघाट और कूलागाड़ के पास बोल्डर आने से मार्ग बंद हो गया है।

उधर, तिब्बत के तकलाकोट मंडी के समीप पर रुंग क्षेत्र में भी लगातार भारी बर्फबारी होने की सूचना है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!