देहरादून में बीजेपी पार्षद के घर डकैती का खुलासा, नौकर निकला मास्टरमाइंड; हुआ फरार

देहरादून। राजधानी देहरादून के पॉश इलाके बसंत विहार में बीजेपी पार्षद अमिता सिंह के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात का मुख्य आरोपी घर में काम करने वाला नौकर भरत थापा है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है और वह दिल्ली में इसी तरह की डकैती के मामले में करीब एक साल जेल में रह चुका है।
पुलिस के अनुसार, भरत ने पहले खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर पार्षद, उनके पति महीपाल सिंह और बेटे को बेहोश किया। इसके बाद उसने अपने चार साथियों को घर बुलाया। आरोप है कि सभी ने मिलकर लॉकर तोड़े और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए।
पार्षद के पति महीपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद उन्हें कब नींद आ गई, इसका पता नहीं चला। रात करीब 1:20 बजे उनकी आंख खुली तो बेडरूम में नौकर और दो अन्य लोग दिखाई दिए। उन्हें घर में लूटपाट होने का एहसास हुआ, लेकिन नशीले पदार्थ के असर के कारण वह ठीक से उठ नहीं पा रहे थे। किसी तरह वह पड़ोसी के घर पहुंचे और इशारों में घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, बदमाश एक लॉकर में रखी करीब तीन लाख रुपये की नकदी और दूसरे लॉकर को तोड़कर करीब 30 से 40 लाख रुपये के जेवरात ले गए। पुलिस के अनुसार, भरत थापा को करीब 25 दिन पहले दिल्ली की एक ऑनलाइन प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से काम पर रखा गया था।
परिवार के मुताबिक, पार्षद की बेटी मेघा ने दिल्ली निवासी संजीव के संपर्क के जरिए भरत को घर में काम पर रखा था। पुलिस के अनुसार, कम समय में ही भरत ने परिवार का विश्वास हासिल कर लिया था। वहीं, नौकर का स्थानीय पुलिस से सत्यापन भी नहीं कराया गया था।
एसपी सिटी शेखर सुयाल के अनुसार, पुलिस जांच में सामने आया है कि भरत दिल्ली में भी इसी तरह की डकैती के मामले में जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद वह अपने देश चला गया था। वहां से लौटने के बाद उसने दूसरी प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से काम हासिल किया और देहरादून पहुंचा। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और इस वारदात में उसकी भूमिका से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस ने भरत को उपलब्ध कराने वाले दिल्ली के प्लेसमेंट एजेंट को भी जांच के दायरे में लिया है। एजेंसी संचालक से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। वहीं, आरोपी के नेपाल भागने की आशंका को देखते हुए उत्तराखंड-नेपाल सीमा पर चेकिंग बढ़ा दी गई है।
पुलिस टीमें आरोपी के संपर्क सूत्रों, मोबाइल सर्विलांस और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।



