चमोली से 1 हजार कर्मचारी-शिक्षक करेंगे सीएम आवास कूच, पुरानी पेंशन बहाली को लेकर बनाई रणनीति

चमोली: राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NMOPS) जनपद चमोली की जिला कार्यकारिणी की बैठक गौचर में आयोजित हुई। बैठक में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आगामी 13 सितंबर को देहरादून में प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। संगठन ने बड़ी संख्या में कर्मचारी-शिक्षकों के कार्यक्रम में शामिल होने का दावा किया है।
जिलाध्यक्ष मोहन सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि चमोली जिले के सभी विकासखंडों से करीब एक हजार कर्मचारी-शिक्षक मुख्यमंत्री आवास कूच में प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए प्रत्येक विकासखंड को करीब 100 कर्मचारी-शिक्षकों की भागीदारी का लक्ष्य दिया गया है। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, जनसंपर्क अभियान और सभी विकासखंडों से अधिक से अधिक कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिगम्बर सिंह नेगी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य की गारंटी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की।
एनएमओपीएस जिलाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी कर्मचारी एकजुट होकर इस आंदोलन को जनआंदोलन का रूप दें।
जिला मंत्री सुरेंद्र भगत ने कहा कि यह संघर्ष किसी एक विभाग या कर्मचारी का नहीं, बल्कि सभी कर्मचारियों का साझा आंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड से व्यापक भागीदारी आंदोलन को नई दिशा और मजबूती देगी।
बैठक में कर्मचारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उनका आरोप है कि सरकार उनकी मांग पर गंभीरता से विचार नहीं कर रही है, जिसके कारण लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली की मांग पूरी नहीं हो सकी है।
इस दौरान महिपाल सिंह चौहान, दिनेश बधानी, नरेंद्र कुंवर, राजेन्द्र चंद्र कंसवाल, भोला दत्त सिरस्वाल, गजेंद्र बिष्ट, शिव दर्शन सिंह नेगी, पानू चौहान, अल्का शाह, सुनील राज, संजय बिष्ट और लक्ष्मी कंडारी समेत कई कर्मचारी-शिक्षक नेताओं ने अपने विचार रखे।



