भारी बारिश के बीच हरिद्वार में दो हादसे, स्टेशन के बाहर पेड़ गिरा तो फाटक से टकराया वाहन

हरिद्वार: भारी बारिश के चलते हरिद्वार में रविवार रात कई जगह व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के बाहर अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय मौके पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने से बिजली की तारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ समय के लिए आसपास के क्षेत्र में अंधेरा छा गया।
पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने पेड़ को काटकर छोटे-छोटे टुकड़ों में अलग किया और रास्ते से हटाने का काम शुरू किया। पेड़ गिरने के कारण कुछ समय तक आसपास की आवाजाही प्रभावित रही। हालांकि, घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
वहीं रविवार शाम सीतापुर रेलवे फाटक पर भी हादसा हो गया। एक अज्ञात वाहन ने रेलवे फाटक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे फाटक क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और फाटक के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे तक मशक्कत कर क्षतिग्रस्त फाटक की मरम्मत की। इसके बाद फाटक को दुरुस्त कर वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई गई। इस दौरान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उधर, भारी बारिश के कारण कुशा घाट के पास स्थित बिजलीघर के कार्यालय की छत भी टपकने लगी। छत से पानी कार्यालय के अंदर आने के कारण वहां काम करने वाले कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ी। कर्मचारियों में इसको लेकर आक्रोश भी देखने को मिला।
कर्मचारियों का आरोप है कि बिजलीघर के कार्यालय भवन की छत कई वर्षों से जर्जर हालत में है। हर बारिश के दौरान छत से पानी टपकने लगता है, जिससे कार्यालय में काम करना मुश्किल हो जाता है। कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों से जर्जर छत की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।



