उत्तराखंड

बेटी की शादी के जेवरों से भरा बैग खोया, रुद्रप्रयाग पुलिस ने खोजकर लौटाया, परिवार ने जताया आभार

Listen to this article

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड पुलिस की तत्परता और जनसेवा का एक और सराहनीय उदाहरण रुद्रप्रयाग में देखने को मिला। कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस ने बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवरात, कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा खोया हुआ बैग सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिया। बैग वापस मिलने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

 

जानकारी के अनुसार चमोली जिले के ग्राम गौणा निवासी दलीप सिंह ने 6 जून को डायल-112 पर सूचना दी कि नगरासू के पास भोजन के लिए बस से उतरते समय उनका बैग वाहन में ही छूट गया। बैग में उनकी बेटी की शादी के लिए रखे गए कीमती आभूषण, कपड़े और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। उन्हें बस का नंबर भी याद नहीं था, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई थी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस कंट्रोल रूम की टीम ने नगरासू क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पीड़ित की मौजूदगी में संबंधित बस की पहचान की। इसके बाद जीएमओयू प्रबंधन से संपर्क कर ई-चालान प्रणाली के माध्यम से वाहन स्वामी और चालक की जानकारी जुटाई गई।

 

पुलिस के संपर्क करने पर बस चालक ने भी सहयोग करते हुए बताया कि वह यात्रियों को ऋषिकेश छोड़ने जा रहा है और वापसी में बैग को सुरक्षित पुलिस के सुपुर्द कर देगा। चालक ने अपने वादे के अनुसार बैग को सुरक्षित रखते हुए कोतवाली रुद्रप्रयाग पहुंचाया और पुलिस को सौंप दिया।

 

पुलिस ने बैग में मौजूद सामान का सत्यापन करने के बाद उसे सकुशल दलीप सिंह को लौटा दिया। बेटी की शादी के जेवरात और जरूरी सामान सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली।

 

दलीप सिंह ने उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी दक्षता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद किया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि उत्तराखंड पुलिस कानून व्यवस्था के साथ-साथ जनसेवा के प्रति भी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!