उत्तराखंड

देहरादून में सनसनी: इंटरनेट पर हुई दोस्ती बनी हत्या की वजह, B.Com छात्र ने 48 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से हत्या

Listen to this article

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र स्थित देवऋषि एन्क्लेव (देहराखास) में इंटरनेट के माध्यम से हुई दोस्ती खूनी वारदात में बदल गई। एक निजी कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र ने कथित विवाद के बाद 48 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है।

 

कमरे में नग्न अवस्था में मिला शव

 

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम मृतक की बहन-भाभी मीनाक्षी ने कोतवाली पटेलनगर पुलिस को सूचना दी कि उनके भाई पर किसी व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

 

मकान के भूतल पर स्थित कमरे में 48 वर्षीय दीपक गुप्ता पुत्र गंगा सागर गुप्ता नग्न अवस्था में छाती के बल मृत पड़े मिले। कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था और उनकी गर्दन के पिछले हिस्से पर चाकू के कई गहरे घाव थे।

 

मौके से ही आरोपी गिरफ्तार

 

घटनास्थल की घेराबंदी कर पुलिस ने मौके से ही रोहन प्रजापति (20) पुत्र देवी चंद्र प्रजापति, निवासी प्रधान वाली गली, माजरा, पटेलनगर को हिरासत में ले लिया। मृतक के भाई राकेश गुप्ता की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 453/2026 धारा 103(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक निजी शिक्षण संस्थान में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसकी और दीपक गुप्ता की पहचान इंटरनेट के माध्यम से हुई थी। दीपक के बुलाने पर वह बुधवार को उनके घर गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने कमरे में रखा चाकू उठाकर दीपक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

लखनऊ के रहने वाले थे मृतक

 

पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक गुप्ता मूल रूप से लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के निवासी थे और वर्ष 2004 से देहरादून में अपने भाई-बहनों के साथ रह रहे थे। करीब 7-8 वर्ष पहले उनका अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था।

 

जांच में जुटी पुलिस

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इंटरनेट पर हुई पहचान के बाद दोनों के बीच किस प्रकार का संबंध था और ऐसा कौन-सा विवाद हुआ जिसने इस वारदात का रूप ले लिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!