
देहरादून: राजधानी देहरादून में विद्युत लाइनों की अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य को लेकर मंगलवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की। बैठक में ऊर्जा विभाग, जिला प्रशासन और पिटकुल अधिकारियों के साथ कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने पिटकुल को निर्देश दिए कि सड़कों की खुदाई, अंडरग्राउंड केबलिंग और ब्लैक टॉपिंग का कार्य जून माह तक हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि पिटकुल पूरे शहर में एक साथ कई स्थानों पर काम शुरू करने के बजाय सीमित फ्रंट पर काम खोले और अधिक लेबर लगाकर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करे। इससे पूरे शहर में सड़कों की खुदाई से होने वाली परेशानी कम होगी और कार्य तेजी से पूरा हो सकेगा।
मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि जिलाधिकारी सविन बंसल के साथ लगातार समन्वय बनाकर कार्यों की निगरानी की जाए। जिलाधिकारी को अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की साप्ताहिक मॉनिटरिंग करने और एक स्थान का कार्य पूरा होने के बाद ही अगले स्थान पर अनुमति देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित पिटकुल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।



