उत्तराखंड

हरिद्वार में धामी कैबिनेट की बैठक में 13 प्रस्तावों पर मुहर, अग्निवीरों की भर्ती से लेकर बाल वीरता पुरस्कार योजना को मंजूरी

Listen to this article

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार के मेला नियंत्रण सभागार में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास, आधारभूत ढांचे, जनकल्याणकारी योजनाओं और युवाओं से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, स्वास्थ्य, आवास और आगामी विधानसभा सत्र से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई।

बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि कैबिनेट के समक्ष आए सभी 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच जाकर करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच है कि मंत्रिमंडल की बैठकें जनता के बीच आयोजित कर स्थानीय जरूरतों और विकास से जुड़े मुद्दों पर निर्णय लिए जाएं।

मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के गठन को मंजूरी

कैबिनेट ने हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास के लिए सोसायटी के गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। संस्थान के माध्यम से भारतीय योग, ध्यान, ज्योतिष और अन्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

अग्निवीरों और युवाओं के हित में फैसले

कैबिनेट ने सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर भर्ती से संबंधित नई नियमावली को मंजूरी दी। इसके अलावा मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना को भी मंजूरी प्रदान की गई। सरकार ने स्वजल एवं राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के 215 पदों की निरंतरता को भी मंजूरी दी है।

विधानसभा में पेश होंगे दो विधेयक

कैबिनेट ने द्वितीय उत्तराखंड जन विश्वास संशोधन विधेयक, 2026 और उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक, 2026 को विधानसभा में प्रस्तुत करने की मंजूरी दी। इसके साथ ही उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली, 2026 को भी स्वीकृति दी गई।

मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड निवेश और आधारिक संरचना विकास से संबंधित अधिनियम की अनुसूची में संशोधन को मंजूरी दी। वहीं, संस्कृति विभाग में वित्तीय अधिकारों से संबंधित व्यवस्था में संशोधन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

आवास और भू-उपयोग से जुड़े प्रस्ताव भी मंजूर

बैठक में हरिद्वार की किफायती आवासीय परियोजना के पहुंच मार्ग की चौड़ाई में शिथिलता देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा ऊधम सिंह नगर में भू-उपयोग परिवर्तन से संबंधित शासनादेश में खसरा संख्या की त्रुटि सुधारने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।

कैबिनेट ने उत्तराखंड की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र को आहूत करने की मंजूरी भी दी।

केंद्र सरकार का जताया आभार

बैठक में उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया गया। मंत्रिमंडल ने राज्य की पर्वतीय, सीमावर्ती और सामरिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी विकास कार्यों के लिए केंद्र से निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर गंगा आरती

बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर मां गंगा की पूजा-अर्चना की और गंगा आरती की। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। मुख्यमंत्री ने देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए भी मां गंगा से प्रार्थना की।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!