पत्नी से अनबन के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, हरिद्वार में पुलिस-प्रशासन में मचा हड़कंप

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में पत्नी से अनबन के बाद एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में गैस प्लांट के पास की है। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमों ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया।
पुलिस से बातचीत में युवक ने अपना नाम विशाल राम बताया। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बनारस का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, विशाल गुजरात में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। पति-पत्नी के बीच विवाद होने के बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर उत्तर प्रदेश के बड़ौत चली गई थी।
बताया गया कि पत्नी के बड़ौत में रहने की जानकारी मिलने पर विशाल वहां भी पहुंचा था। उस दौरान वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और पत्नी से बात करने की जिद करने लगा। पुलिस ने उसकी पत्नी से बातचीत कराई, जिसके बाद वह टावर से नीचे उतर गया। हालांकि, विशाल अपनी पत्नी को साथ ले जाना चाहता था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुई। इसके बाद उसकी पत्नी बड़ौत से कहीं और चली गई।
पुलिस के अनुसार, कुछ समय बाद विशाल को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रह रही है। इसके बाद वह हरिद्वार पहुंचा और गैस प्लांट के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की मांग है कि उसकी पत्नी को मौके पर बुलाया जाए।
पुलिस ने उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर पता कर संपर्क किया तो जानकारी मिली कि वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में है। पुलिस ने पत्नी से बातचीत करने का प्रयास भी किया, लेकिन विशाल उसे मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा रहा।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। पुलिस लगातार युवक को समझाने और उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है।



