मानसून सत्र को लेकर धामी सरकार ने कसी कमर, 26 अक्टूबर से पहले सत्र कराने पर सहमति

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को 26 अक्टूबर से पहले आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसे लेकर सरकार के स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हाल ही में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर चर्चा हुई, जिसमें 26 अक्टूबर से पहले सत्र आयोजित करने पर सहमति बनी। हालांकि, सत्र की अंतिम तिथि और स्थान का निर्धारण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। सभी की सहमति के बाद सत्र की तिथि और स्थान तय किया जाएगा।
संभावना जताई जा रही है कि विधानसभा का मानसून सत्र सितंबर के अंतिम सप्ताह या अक्टूबर के पहले सप्ताह में आयोजित हो सकता है। हालांकि, अभी सत्र की तिथि और स्थान को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
मानसून सत्र में अनुपूरक बजट पेश करने की भी तैयारी चल रही है। इसके लिए वित्त विभाग ने सभी विभागों से 18 सितंबर तक बजट प्रस्ताव मांगे हैं। आमतौर पर सरकार अनुपूरक बजट शीतकालीन सत्र में पेश करती है, लेकिन इस बार इसे मानसून सत्र में ही लाने की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा का मानसून सत्र 26 अक्टूबर से पहले होना है। इसके लिए सरकार के स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और जल्द ही सत्र के लिए स्थान का चयन कर लिया जाएगा। जिस स्थान पर सभी की सहमति होगी, वहीं मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र में अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा।
धामी सरकार के वर्तमान कार्यकाल का यह अंतिम मानसून सत्र होगा। ऐसे में सत्र के दौरान महत्वपूर्ण विधेयकों और नीतिगत फैसलों पर चर्चा होने की संभावना है। आगामी वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, लिहाजा सरकार इस सत्र के जरिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर आगे बढ़ने की तैयारी में है।
पिछले वर्ष धामी सरकार ने विधानसभा का मानसून सत्र ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में आयोजित किया था। ऐसे में इस वर्ष भी गैरसैंण में मानसून सत्र आयोजित होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनता के बीच संदेश देने के लिहाज से सरकार भराड़ीसैंण में सत्र आयोजित करने पर विचार कर सकती है।



