उत्तराखंड

छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन, शिक्षक ने कहा- 25 साल के करियर में पहली बार लगे आरोप

Listen to this article

देहरादून। देहरादून के एक निजी स्कूल में छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया है। स्कूल के फिजिक्स शिक्षक पर बैड टच का आरोप लगने के बाद शनिवार को एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। छात्र स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और आरोपी शिक्षक पर मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से गठित चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की समझाइश के बाद छात्रा ने पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।

सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने छात्रा और उसके अभिभावकों से संपर्क किया। सामाजिक मर्यादा के चलते परिवार पहले सामने आने से हिचक रहा था। कमेटी की ओर से समझाए जाने के बाद छात्रा ने तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है।

राकेश तिवारी ने कहा कि छात्र संगठन की ओर से भी प्रदर्शन किया गया है। छात्रों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन मामले में सहयोग नहीं कर रहा है। यदि छात्र संगठन की ओर से जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया जाता है, तो मामले की जांच कराकर शिक्षा विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय की जिम्मेदारी बच्चों को शिक्षा देने के साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए और जिम्मेदारी से कोई बच नहीं सकता।

शिक्षक ने सोशल मीडिया पर रखा अपना पक्ष

आरोपों के बाद संबंधित शिक्षक ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि अपने 25 साल के अध्यापन करियर में पहली बार उन पर इस तरह के आरोप लगे हैं। शिक्षक के अनुसार, वह सभी बच्चों के साथ अपने बेटे-बेटियों की तरह व्यवहार करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी बच्चे को लगता है कि उनसे कोई गलती हुई है, तो वह इसके लिए क्षमा मांगते हैं।

15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाली शिकायत का दावा

जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को छात्रा और उसकी मां ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन से शिक्षक के खिलाफ शिकायत की थी। पीड़ित परिवार का दावा है कि शिकायत पर 15 छात्राओं के हस्ताक्षर हैं। परिवार का आरोप है कि 15 अक्टूबर को भी शिक्षक के खिलाफ शिकायत की गई थी, जिस पर स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। हालांकि, परिवार का कहना है कि बाद में छात्रा पर ही दबाव बनाया जाने लगा और स्कूल के डायरेक्टर ने भी शिक्षक के पक्ष में बातें रखीं।

पीड़ित परिवार ने आरोपी शिक्षक को बर्खास्त करने और स्कूल के डायरेक्टर से असेंबली में सभी बच्चों के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस तहरीर के आधार पर कार्रवाई कर रही है। मामले में आरोपों की जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!