
देहरादून
देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों को बेहतर और तेज इलाज देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने अस्पताल में छह नई स्वास्थ्य सुविधाओं का शुभारंभ किया, जिससे मरीजों को अब अधिक राहत मिलने की उम्मीद है।
अस्पताल में शुरू की गई नई सुविधाओं में ऑपरेशनल थेरेपी, हर मंजिल पर पंजीकरण काउंटर, स्पोर्ट्स इंजरी क्लिनिक, अत्याधुनिक ब्लड जांच मशीन, हेल्थ पैकेज जांच और एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन शामिल हैं।
इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और अस्पताल में ही सभी जरूरी सेवाएं उपलब्ध होंगी। खासतौर पर हर मंजिल पर रजिस्ट्रेशन काउंटर खुलने से मरीजों का समय बचेगा और लंबी कतारों से राहत मिलेगी।

स्पोर्ट्स इंजरी क्लिनिक में खिलाड़ियों और खेल से जुड़ी चोटों का विशेष इलाज किया जाएगा। वहीं नई ब्लड जांच मशीन से कम समय में सटीक रिपोर्ट मिल सकेगी, जिससे इलाज में तेजी आएगी।
अस्पताल में 17 प्रकार के हेल्थ पैकेज भी शुरू किए गए हैं, जिससे मरीजों को सस्ती दरों पर जांच की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा नए एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन से ऑपरेशन थिएटर की क्षमता बढ़ेगी और ज्यादा सर्जरी संभव हो पाएंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।
चार्ज संभालते ही एक्शन मोड में मंत्री सुबोध उनियाल
मंत्री सुबोध उनियाल ने जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए तेजी से फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। उनकी कार्यशैली में साफ दिख रहा है कि फोकस सीधे जनता को राहत देने पर है। अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार, व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को कम समय में इलाज उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता बन गया है।



