Blog

उत्तराखंड में 13 आईएफएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव, शासन ने जारी किए आदेश

Listen to this article

उत्तराखंड। राज्य सरकार ने भारतीय वन सेवा (IFS) के 13 अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल करते हुए आदेश जारी कर दिए हैं।

प्रमुख वन संरक्षक कपिल लाल को कैंपा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ नियोजन एवं वित्तीय प्रबंधन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। प्रमुख वन संरक्षक एसपी सुबुद्धि से वन संरक्षण नोडल अधिकारी का दायित्व वापस लेकर उन्हें वन पंचायत की जिम्मेदारी दी गई है। उनके अन्य प्रभार यथावत रहेंगे।

अपर प्रमुख वन संरक्षक डॉ. विवेक पांडे को परियोजना एवं सामुदायिक वानिकी के साथ वन्यजीव संरक्षण एवं अभिसूचना का प्रभार दिया गया है, जबकि वन अनुसंधान प्रबंधन एवं प्रशिक्षण की जिम्मेदारी उनसे वापस ले ली गई है। अपर प्रमुख वन संरक्षक नरेश कुमार को मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन) का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।

बाध्य प्रतीक्षारत सुरेंद्र मेहरा को वन अनुसंधान प्रबंधन एवं प्रशिक्षण तथा सतर्कता एवं विधि प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपर प्रमुख वन संरक्षक मीनाक्षी जोशी को वन संरक्षण नोडल अधिकारी के साथ बांस एवं रेशा विकास परिषद के सीईओ का प्रभार दिया गया है।

मुख्य वन संरक्षक सुशांत पटनायक से परियोजना एवं सामुदायिक वानिकी का दायित्व वापस लेते हुए उन्हें मुख्य वन संरक्षक (पर्यावरण) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वन संरक्षण, वनाग्नि एवं आपदा प्रबंधन उनके पास यथावत रहेगा।

पीके पात्रो से बांस एवं रेशा परिषद के सीईओ का दायित्व वापस लिया गया है। उन्हें ईको टूरिज्म विकास निगम के एमडी के साथ पारिस्थितिक पर्यटन प्रचार एवं विस्तार तथा मानव संसाधन विकास एवं कार्मिक प्रबंधन का प्रभार दिया गया है।

वन संरक्षक पंकज कुमार को दक्षिणी कुमाऊं वृत्त एवं वन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक रामनगर की जिम्मेदारी दी गई है। प्रमुख वन संरक्षक कार्यालय से संबद्ध डॉ. विनय कुमार भार्गव को अनुसंधान एवं राज्य वन वृक्ष विज्ञानी का दायित्व सौंपा गया है।

आकाश कुमार वर्मा को नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। नीतीश मणि त्रिपाठी को दक्षिणी कुमाऊं से पश्चिमी वृत्त में भेजा गया है। बाध्य प्रतीक्षारत नीतू लक्ष्मी एम को वन संरक्षक यमुना वृत्त के साथ कैंपा के एसीईओ का प्रभार सौंपा गया है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!