देहरादून में ई-ऑफिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश,जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर

देहरादून: जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद में लागू ई-ऑफिस कार्य प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शुक्रवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन, प्रगति और तकनीकी समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद के लगभग सभी शासकीय कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है और अधिकांश विभागों में पत्रावलियों का निस्तारण डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। इससे शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था मजबूत हुई है।
समीक्षा के दौरान कुछ विभागों ने रिपोर्टिंग और ऑनलाइन कार्य निष्पादन में तकनीकी समस्याओं की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने आईटीडीए की तकनीकी टीम को निर्देश दिए कि सभी तकनीकी बाधाओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य कार्यालयी कार्यों को त्वरित, पारदर्शी और पेपरलेस बनाना है।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से पत्रावलियों का संचालन और निस्तारण गंभीरता से करें तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में संबंधित तकनीकी टीम से समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि सरकारी कार्य प्रभावित न हों।
बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा, आईटीडीए की तकनीकी टीम के सदस्य आशीष, दीक्षा और विवेक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



