पेट्रोल पंप के वाटर कूलर में करंट लगने से युवक की मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; जांच शुरू

रुद्रपुर/काशीपुर: ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में बाजपुर रोड स्थित आईजीएल गेट नंबर-6 के सामने बने एक पेट्रोल पंप पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कथित तौर पर पेट्रोल पंप पर लगे वाटर कूलर में करंट आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान सर्वेश कुमार (पुत्र हरिचंद), निवासी ग्राम भूवरा, मसवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नैनी स्टोन क्रशर में कार्यरत था। रोज की तरह काम खत्म कर बाइक से घर लौटते समय वह पेट्रोल भरवाने के लिए उक्त पेट्रोल पंप पर रुका था। पेट्रोल भरवाने के बाद वह हाथ-पैर धोने के लिए वहां लगे वाटर कूलर के पास पहुंचा, तभी कथित रूप से करंट की चपेट में आ गया।
हादसे में सर्वेश कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
काशीपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि सर्वेश कुमार विवाहित था और अपने पीछे पत्नी तथा दो छोटे बेटों को छोड़ गया है। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाटर कूलर में करंट आने की वजह क्या थी। यदि जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



