उत्तराखंड में बढ़ी बिजली की मांग, रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची खपत

देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी के साथ बिजली की मांग में भी रिकॉर्ड उछाल देखने को मिल रहा है। एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के चलते उत्तराखंड में बिजली खपत तेजी से बढ़ी है।
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) के अनुसार, महीने की शुरुआत में जहां बिजली की मांग करीब 4 करोड़ यूनिट प्रतिदिन थी, वहीं अब यह बढ़कर 5.8 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मई के अंत तक बिजली की मांग 6 करोड़ यूनिट प्रतिदिन का आंकड़ा भी पार कर सकती है।
यूपीसीएल के सामने बढ़ी चुनौती
बिजली की बढ़ती खपत के बीच यूपीसीएल के लिए पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। हालांकि निगम प्रबंधन का दावा है कि वर्तमान में प्रदेश में बिजली की उपलब्धता 5.9 करोड़ यूनिट तक है, जो मौजूदा मांग के लगभग बराबर है।
यूपीसीएल अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कहीं भी घोषित बिजली कटौती नहीं की जा रही है। हालांकि कई क्षेत्रों में ओवरलोड और तकनीकी कारणों से ट्रिपिंग की समस्या सामने आ रही है।
दो दिनों में तेजी से बढ़ी खपत
पिछले दो दिनों में ही बिजली की मांग 5.3 करोड़ यूनिट से बढ़कर 5.8 करोड़ यूनिट पहुंच गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले दिनों में बिजली की खपत और अधिक बढ़ सकती है।



